फरीदाबाद। माल से भरा ट्रक ओडिशा पहुंचाने के बजाय एक महीने तक घर पर खड़ा रखने के आरोप में चालक राहुल की जमानत याचिका खारिज कर दी गई है। उस पर पुलिस टीम पर हमला करने का भी गंभीर आरोप है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सुरेंद्र कुमार की अदालत ने यह फैसला सुनाया।
अदालत में पेश रिकॉर्ड के अनुसार, राहुल फरीदाबाद निवासी उत्तम गुप्ता के ट्रक पर चालक था। आरोप है कि वह 12 सितंबर को माल लेकर ओडिशा के लिए निकला था लेकिन निर्धारित स्थान पर पहुंचने के बजाय उसने ट्रक अपने घर ले जाकर खड़ा कर दिया। शिकायतकर्ता के बार-बार कहने पर भी राहुल ने वाहन वापस नहीं किया। 16 अक्तूबर को पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया। पुलिस के अनुसार, इस दौरान राहुल और उसके परिजनों ने पुलिस टीम पर हमला किया। इस हमले में दो एसपीओ घायल हुए। पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ था। अदालत में घटना का वीडियो भी चलाया गया। इसमें पुलिस टीम का रास्ता रोकने की बात सामने आई। अदालत ने कहा कि आरोप गंभीर हैं और जांच अभी लंबित है। जमानत मिलने पर आरोपी गवाहों को प्रभावित कर सकता है। वह साक्ष्यों से छेड़छाड़ भी कर सकता है। इन्हीं आधारों पर उसकी नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी गई। संवाद