बाइक सवार का हाथ बुरी तरह टूटा, बीके अस्पताल में कराया भर्ती
लोगों की भीड़ जमा होते ही ट्रक चालक फरार, अभी दर्ज नहीं हुई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। एस्कॉर्ट्स मुजेसर मेट्रो स्टेशन के पास मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक बाइक सवार को करीब 10 मीटर तक घसीट कर ले गया। इसकी वजह से मोटरसाइकिल चालक का एक हाथ की हड्डी बुरी तरह से टूट गई। घायल को उपचार के लिए बीके अस्पताल में भर्ती करवाया।
रोड सेफ्टी ऑर्गेनाइजेशन के सदस्य पंकज लांबा ने बताया कि वह किसी कार्य के चलते कार में सवार होकर दिल्ली की ओर जा रहे थे। इस दौरान एस्कॉर्ट्स मुजेसर मेट्रो स्टेशन के पास सर्विस रोड पर उनके आगे एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरीदाबाद जा रहा था। दोपहर दो बजे तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद मोटरसाइकिल चालक ट्रक के नीचे आ गया। ट्रक चालक व्यक्ति को 10 मीटर तक घसीटकर ले गया। उसके बाद उसने ब्रेक लगाया। लोगों ने घायल को उपचार के लिए ऑटो में बैठाकर बीके अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों का कहना है कि घायल का एक हाथ पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। इस दौरान लोगों की भीड़ देखकर ट्रक चालक मौका देखकर फरार हो गया। पुलिस चौकी सेक्टर 11 इंचार्ज मोहित ने बताया कि ट्रक को काबू में ले लिया है। अभी घायल परिवार की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।