नौरंगाबाद के पास कार सवार बदमाशों ने की वारदात
बीस हजार रुपए लूटे, पुलिस ने छह पर दर्ज किया मामला
संवाद न्यूज़ एजेंसी
हथीन। मंडकौला पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव नौरंगाबाद के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर आधा दर्जन कार सवार बदमाशों ने एक ट्रक को रोककर ड्राइवर और हेल्पर से मारपीट कर लूटपाट की। आरोपियों ने ट्रक चालक की जेब से लगभग बीस हजार रुपए लूट लिए। हथीन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में नूंह जिले के घाटा निवासी सरफराज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने हेल्पर अल्ताफ के साथ ट्रक लेकर छपरा से पाली धौज एक्सप्रेसवे की ओर जा रहा था। नौरंगाबाद के पास आधा दर्जन कार सवार लोगों ने उनका ट्रक रुकवाया और लाठी-डंडों तथा चाकू से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान बदमाशों ने सरफराज की जेब से बीस हजार रुपए निकाल लिए।
पीड़ित ने बताया कि उसने चार आरोपियों को पहचान लिया, जिनकी पहचान गांव निमली निवासी अली हुसैन, शाकिर, राहुल और इमरान के रूप में की गई है। पुलिस ने चार नामजद समेत छह कार सवारों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मंडकौला पुलिस चौकी इंचार्ज विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और लूट की पुष्टि के लिए साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।