फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में नेशनल हाईवे से बाटा रेलवे फ्लाईओवर की ओर जाने वाले रास्ते पर सोमवार रात एक सीमेंट मिक्सर ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद ट्रक करीब 50 मीटर तक बाइक को घसीट कर ले गया। इस हादसे में ट्रक का पिछला टायर बाइक सवार के पैरों के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां डाक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। थाना सेक्टर 8 पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सरूरपुर निवासी अमर सिंह (41) सेक्टर 6 में निजी कंपनी में काम करता था। सोमवार की शाम को ड्यूटी खत्म करके वह बाइक पर सवार होकर बल्लभगढ़ की तरफ से बाटा फ्लाईओवर के रास्ते अपने घर जा रहा था। बाटा रेलवे फ्लाईओवर की चढ़ाई पर पीछे से सीमेंट मिक्सर ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह बाइक समेत सड़क पर गिर गया और ट्रक की चपेट में आ गया। इस दौरान ट्रक का पिछला टायर उसके पैरों के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
ट्रक बाइक को करीब 50 मीटर तक घसीट कर ले गया। घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले युवक विशाल ने बताया कि जब वह उसे ऑटो से बीके अस्पताल लेकर जा रहे थे, तब तक उसकी सांसें चल रही थीं, लेकिन जब उसे अस्पताल पहुंचाया गया तो वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसके परिजनों को घटना की सूचना दी।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। मौके पर सीमेंट मिक्सर ट्रक और उसके चालक को ट्रैफिक पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने ट्रक और चालक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।