सड़क किनारे और मुख्य मार्ग पर वाहन खड़े किए जाने से आवाजाही में दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नीलम रेलवे रोड पर अवैध पार्किंग की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। सड़क किनारे और मुख्य मार्ग पर बड़ी संख्या में वाहन खड़े किए जाने से राहगीरों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यह स्थिति दिन-प्रतिदिन और अधिक खराब होती जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे कार, बाइक और अन्य वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं, जिससे फुटपाथ पूरी तरह घिर चुके हैं। ऐसे में पैदल चलने वाले लोगों को मजबूरन सड़क पर उतरकर चलना पड़ रहा है। इससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। यह समस्या लोगों के लिए खतरा बनी हुई है, क्योंकि उन्हें व्यस्त ट्रैफिक के बीच से गुजरना पड़ता है। लोगों का कहना है कि शाम के व्यस्त समय में स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। अवैध पार्किंग के कारण सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है, जिससे यातायात की रफ्तार धीमी पड़ जाती है और कई जाम की स्थिति बन जाती है। इससे आम लोगों का काफी समय बर्बाद होता है और रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित होती है। लोगों ने आरोप लगाया है कि ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम की ओर से नियमित कार्रवाई नहीं होने के कारण अवैध पार्किंग करने वालों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नीलम चौक और आसपास के क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अवैध पार्किंग हटाई जाए और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम रास्ता मिल सके।