-गांव के दोनों तरफ बने रास्तों में पानी जमा होने से आवागमन हुआ मुश्किल
संवाद न्यूज एजेंसी
पिनगवां। खंड के पापड़ा गांव में इन दिनों फिरनी के रास्ते पर जलभराव ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। गांव के दोनों तरफ बने रास्तों पर पिछले काफी समय से पानी जमा है, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। रास्ते से गुजरने वाले लोगों को बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि एक तरफ का रास्ता तो वर्षों से खराब हालत में है और वहां हमेशा पानी भरा रहता है। बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक बिगड़ जाती है, लेकिन अब बिना बारिश के भी जलभराव बना हुआ है। रास्ते पर कीचड़ और गड्ढों के कारण फिसलने और चोट लगने का खतरा बना रहता है। कई बार दोपहिया वाहन चालक भी इन रास्तों से गुजरते समय असंतुलित हो जाते हैं। रिफाकत, ज़ाहिद,सलाउद्दीन, सुब्बा,रफीक,आरिफ आदि स्थानीय लोगों के अनुसार जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण यह समस्या लगातार बनी हुई है। कई बार ग्राम पंचायत को इसकी शिकायत भी दी गई, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों का मानना है कि यदि समय रहते नालियों की सफाई और रास्ते की मरम्मत कर दी जाए तो इस समस्या से राहत मिल सकती है। यह स्थिति ग्राम पंचायत के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। जलभराव से न केवल लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी बढ़ रहे हैं। ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन से जल्द ठोस कदम उठाने और रास्तों को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
……..
मामलिका मोड़ पर हो रहे जलभराव से जल्द निजात मिलेगी, इसका टेंडर लग चुका है और कार्य शीघ्र शुरू होगा। दूसरी ओर फिरनी का रास्ता खेत में है, उसे पंचायत अपने अधीन लेने का प्रयास कर रही है, जल्द ही उसे भी बनवाया जाएगा।
-खलील अहमद, सरपंच, ग्राम पंचायत पापड़ा