पुलिस और अर्ध सैनिक बल के शहीद जवानों को पुष्प चक्र अर्पित कर किया गया नमन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-30 स्थित पुलिस लाइन में मंगलवार को पुलिस स्मृति दिवस सम्मान और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस के शहीद जवानों को याद करते हुए शहीद स्मारक स्थल पर पुष्पचक्र और मालाएं अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम में हरियाणा राज्य के आईपीएस महानिदेशक, राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो आलोक मित्तल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को नमन करते हुए कहा कि पुलिस जवानों की शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि देश को अपने वीर शहीदों पर गर्व है।
इस दौरान पुलिस आयुक्त सत्येंद्र कुमार गुप्ता, पुलिस महानिदेशक (कानून और व्यवस्था) कुलदीप सिंह संयुक्त पुलिस आयुक्त राजेश दुग्गल, पुलिस उपायुक्त अभिषेक जोरवाल सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में शहीद एएसआई योगराज, सिपाही लश्कर, सिपाही महावीर और सिपाही संदीप को याद किया गया, जिन्होंने अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए प्राणों की आहुति दी थी।