संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। तीसरी कक्षा के विद्यार्थियों के लिए परख परीक्षा का आयोजन 6 से 8 मई तक किया जाएगा। इस परीक्षा में केंद्रीय विद्यालय, सीबीएसई और सरकारी स्कूलों के छात्र भाग लेंगे। यह कार्यक्रम एनसीईआरटी नई दिल्ली के मार्गदर्शन में और एससीईआरटी गुरुग्राम के माध्यम से पूरे हरियाणा में आयोजित किया जा रहा है।
जिले में इस परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डायट पाली के जलवंत सिंह और जिला एफएलएन कोऑर्डिनेटर मनमोहन भारद्वाज ने प्रशिक्षण में भाग लिया। जिला नोडल अधिकारी जलवंत सिंह ने बताया कि यह कार्य मौलिक शिक्षा अधिकारी बसंत कुमार ढिल्लों के नेतृत्व में किया जाएगा।
परख परीक्षा के लिए जिले में कुल 39 स्कूलों का चयन किया गया है। इनमें केंद्रीय विद्यालय, सीबीएसई और सरकारी विद्यालय शामिल हैं। परीक्षा टैबलेट के माध्यम से होगी, जिसमें प्रत्येक चयनित सेक्शन के 12 छात्रों का आकलन किया जाएगा। परीक्षा लेने वाले शिक्षकों का ओरिएंटेशन पूरा हो चुका है। परीक्षा के लिए अध्यापकों सेक्टर-16 विद्यालय में टैबलेट वितरित किए जाएंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दिनों में तीसरी कक्षा के सभी विद्यार्थी सुबह की पाली में उपस्थित रहें। साथ ही स्कूल मुखिया और स्टाफ को मूल्यांकन प्रक्रिया में किसी प्रकार का हस्तक्षेप न करने के निर्देश दिए गए हैं। इस परीक्षा की निगरानी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर के अधिकारी करेंगे।