संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। कोहरे के कारण कुछ दिन पहले रेल मंत्रालय की ओर से पांच ट्रेनों को बंद किया गया था, लेकिन इन ट्रेनों के बंद होने के बावजूद बुधवार को फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की आवाजाही बुरी तरह बाधित रही। इसमें कई लोकल ट्रेनें एक घंटा और एक्सप्रेस ट्रेनें डेढ़ घंटे तक लेट पहुंचीं। इससे यात्रियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही ट्रेन लेट होने के कारण यात्रियों ने रेलवे से ट्रेनों को बहाल करने की गुहार लगाई है।
रेल मंत्रालय की ओर से कुछ दिन पहले कोहरे के कारण पांच ट्रेनों को बंद किया गया था लेकिन फिर भी दिल्ली से पलवल और पलवल से दिल्ली की ओर जाने वाली करीब 12 ट्रेनें काफी देरी से चल रहीं हैं। ऐसे में लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। मथुरा जाने वाले शिवम ने बताया कि पहले ही मंत्रालय की ओर से कई ट्रेनें बंद की गई हैं लेकिन फिर भी ट्रेनें लेट हो रही हैं। इसको लेकर मंत्रालय को कुछ करना चाहिए। इससे लोगों को थोड़ी राहत मिल सके। इसके साथ ही एक अन्य यात्री विकास ने बताया कि ट्रेनों के लेट होने से लंबी दूरी पर जाने वाले यात्रियों को काफी इंतजार करना पड़ा रहा है। कई यात्री तो समय से दफ्तर पहुंचने के लिए मैट्रो का सहारा ले रहे हैं।
ईएमयू और एक्सप्रेस ट्रेनें हुईं लेट
कोहरे के कारण दिल्ली से पलवल और पलवल से दिल्ली जाने वाली ईएमयू ट्रेनें लेट हो गईं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार दिल्ली से पलवल की ओर जाने वाली 04914 दिल्ली-पलवल ईएमयू एक घंटा, 04960 शकूरबस्ती-बल्लभगढ़ ईएमयू 45 मिनट, 04438 नई दिल्ली-पलवल ईएमयू एक घंटा 17 मिनट, 04420 गाजियाबाद-मथुरा ईएमयू 41 मिनट, लेट चल रहीं है। वहीं, पलवल से दिल्ली की ओर जाने वाली 04467 मथुरा-नई दिल्ली ईएमयू एक घंटा, 04419 मथुरा-गाजियाबाद ईएमयू एक घंटा 10 मिनट और 04439 पलवल-गाजियाबाद एक घंटा लेट पहुंचीं है। इसके अलावा दिल्ली से पलवल की ओर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में 16032 अंडमान एक्सप्रेस 30 मिनट, 12926 पश्चिम सुपर फास्ट एक्सप्रेस 41 मिनट और 14212 आगरा कैंट इंटरसिटी एक्सप्रेस एक घंटा 11 मिनट लेट हैं। वहीं, पलवल से दिल्ली की ओर जाने वाली 12189 महाकौशल एक्सप्रेस एक घंटा 31 मिनट लेट चल रही है।