संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। एससीईआरटी के अंतर्गत डाइट में फाउंडेशन लर्निंग सर्वे (एफएलएस) 2026 को लेकर फील्ड इन्वेस्टिगेटर्स के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण 4 और 5 मई को आयोजित हुआ, इसका उद्देश्य सर्वेक्षण को प्रभावी और सटीक तरीके से संचालित करने के लिए प्रतिभागियों को तैयार करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ डाइट की प्रिंसिपल सुमिता रंगी और सीएमडीए विंग प्रभारी पृथ्वी सिंह ने किया। उन्होंने सर्वेक्षण के महत्व और इसके सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश साझा किए। प्रशिक्षण के दौरान जिला समन्वयक उषा रानी और एफएलएन समन्वयक मनोज लाकरा ने प्रतिभागियों को 28 चयनित विद्यालयों में होने वाले अध्ययन की प्रक्रिया विस्तार से समझाई।
दूसरे दिन प्रतिभागियों को टैबलेट के माध्यम से मूल्यांकन की व्यावहारिक ट्रेनिंग दी गई। एससीईआरटी के परीक्षण एवं मूल्यांकन विंग के प्रमुख मनोज कुमार शर्मा ने निष्पक्षता, पारदर्शिता और विनम्रता के साथ कार्य करने पर जोर दिया। प्रशिक्षण से प्रतिभागियों को सर्वेक्षण के सफल संचालन के लिए आवश्यक कौशल और अनुभव प्राप्त हुआ।