- पहले 30 दाखिले रहेंगे निशुल्क, कोर्स पूरा करने पर मिलेगा प्रमाण पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। बेटियों को आत्मनिर्भर और हुनरमंद बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक सराहनीय पहल की है। जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा बाल भवन पलवल में जल्द ही फैशन डिजाइनिंग कोर्स शुरू किया जा रहा है। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि इस कोर्स के पहले 30 दाखिले निशुल्क रहेंगे। छात्राओं को छह माह और एक साल की अवधि वाले कोर्स में दाखिला लेने का विकल्प मिलेगा और सफलतापूर्वक पूरा करने पर प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
बाल भवन में केवल फैशन डिजाइनिंग ही नहीं, बल्कि कटिंग-टेलरिंग, ब्यूटीशियन, कंप्यूटर, आर्ट एंड क्राफ्ट, ड्रेस डिजाइनिंग जैसे कई कोर्स भी न्यूनतम फीस पर चलाए जाएंगे। इन कोर्सों से न केवल युवतियों को निजी कंपनियों में रोजगार मिलेगा, बल्कि वे अपना बुटीक या ब्यूटी केयर सेंटर खोलकर स्वरोजगार की दिशा में भी आगे बढ़ सकेंगी।