केरल एक्सप्रेस 1 घंटा 30 मिनट और लोकल ट्रेन 2 घंटा देरी से पहुंची
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। फरीदाबाद में ट्रेनों के देरी से पहुंचने का सिलसिला जारी है। बुधवार को तिरुवनंतपुरम से नई दिल्ली जाने वाली केरल एक्सप्रेस करीब 1 घंटा 32 मिनट देरी से स्टेशन पहुंची।
वहीं पलवल से गाजियाबाद को जाने वाली 64057 ईएमयू लोकल ट्रेन तो 2 घंटा 20 मिनट से अधिक देरी से पहुंची। केरल एक्सप्रेस के स्टेशन पहुंचने का समय 12:30 बजे था पर ट्रेन करीब 2 बजे फरीदाबाद पहुंची। वहीं 64057 के फरीदाबाद पहुंचने का समय 11:25 बजे था पर ट्रेन करीब 1:45 बजे स्टेशन पहुंची। वहीं कुछ अन्य लोकल ट्रेनें भी 15-20 और 30 मिनट देरी से पहुंची।
इसके चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ओखला, तिलक ब्रिज, गाजियाबाद, नई दिल्ली और ओल्ड दिल्ली आदि जगहों पर जा रहे यात्रियों को घंटों स्टेशन पर बैठे रहे रहना पड़ा। मोहित नाम के गाजियाबाद जाने वाले एक यात्री ने बताया कि 11:25 बजे की ट्रेन थी, जो कि 1:30 पर भी स्टेशन नहीं पहुंची है। उन्होंने बताया कि ट्रेन की लोकेशन भी नहीं पता चल रही है।
एक अन्य यात्री सूरज ने बताया कि यह रोज की समस्या हो गई है। लगातार ट्रेनें देरी से पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि बस से ट्रैफिक मिलेगा और देर लगेगी यह सोचकर ट्रेन से सफर करने आते हैं पर यहां आकर स्टेशन पर ही घंटों बिताने पड़ जाते हैं।