अस्पताल में सौंदर्यीकरण कार्य जोरों पर, निजी कंपनी को पार्किंग निर्माण का ठेका देने की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके अस्पताल परिसर में जारी सौंदर्यीकरण कार्य के साथ-साथ अब मरीजों और उनके तीमारदारों को भी राहत मिलने वाली है। अब अस्पताल में आने वाले लोगों को अव्यवस्थित पार्किंग से होने वाली परेशानी से भी मुक्ति वाली है। अस्पताल प्रशासन ने परिसर में एक सुव्यवस्थित पार्किंग बनाने का निर्णय लिया है।
इस नई पार्किंग निर्माण के लिए निजी कंपनी को ठेका देने की तैयारी चल रही है। पार्किंग के निर्माण से परिसर में इधर-उधर वाहनों के खड़े होने की समस्या खत्म होगी। इससे न सिर्फ तीमारदारों को सुविधा होगी, बल्कि एम्बुलेंस चालकों को भी मरीजों को आपातकालीन विभाग तक पहुंचाने में परेशानी नहीं होगी। अभी तक अव्यवस्थित पार्किंग के कारण कई बार एंबुलेंस को जाम का सामना करना पड़ता था, जिससे मरीजों का जान पर बन आती थी।
मरीजों को देना होगा सामान्य शुल्क
पार्किंग बनने के बाद मरीजों को सामान्य शुल्क पर अपने वाहन खड़े करने की सुविधा मिलेगी। कई लोग जो दूर रहते हैं, गुरुग्राम और दिल्ली जाने वाले अपने वाहनों को अस्पताल परिसर में ही खड़ा करके घर चले जाते हैं। अगले दिन परिसर से अपने वाहन से कार्य पर निकल जाते हैं। इसके कारण पार्किंग व्यवस्था अव्यवस्थित रहती है और इसका भुगतान मरीजों व उनके तीमारदारों को करना पड़ता है। निजी कंपनी को ठेका देने के बाद काफी मरीजों को सहूलियत मिलेगी।
सौंदर्यीकरण के तहत परिसर को साफ-सुथरा, हरियाली युक्त और व्यवस्थित बनाने का लक्ष्य है। पार्किंग के साथ-साथ बैठने की उचित व्यवस्था, रास्तों का चौड़ीकरण और साइनबोर्ड्स की भी व्यवस्था की जा रही है। -
एसएमओ डॉ. विकास गोयल