संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। लघु सचिवालय के मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे अवैध पार्किंग के कारण यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। इस मार्ग पर कोर्ट भी स्थित है, जिसके चलते लोगों की आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद सड़क किनारे वाहनों को मनमाने तरीके से खड़ा कर दिया जाता है, जिससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और आवागमन बाधित होता है। इसके कारण इस मार्ग पर रोजाना जाम की स्थिति बनी रहती है और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी देर होती है।
स्थानीय निवासी सौरभ का कहना है कि सुबह और शाम के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब कोर्ट और कार्यालयों में आने-जाने वाले लोगों की भीड़ एक साथ बढ़ जाती है। अवैध पार्किंग के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और ट्रैफिक धीरे-धीरे रेंगता हुआ नजर आता है। कई बार एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को भी निकलने में मुश्किल होती है।
लोगों ने प्रशासन और यातायात पुलिस से मांग की है कि इस मार्ग पर अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई की जाए और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु रह सके और लोगों को राहत मिल सके।