नए साल के जश्न से पहले पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की संभावना, झील की हालत में नहीं हो रहा सुधार
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बड़खल झील पर रविवार को पर्यटकों की भीड़ देखने को मिली। नए साल से पहले घूमने-फिरने के लिए बड़ी संख्या में लोग परिवार और दोस्तों के साथ झील पर पहुंच रहे हैं। हालांकि झील में फैली जलकुंभी से पानी साफ नजर नहीं आ रहा है। इससे पर्यटक निराश दिखे। इसके बावजूद अच्छा मौसम होने के कारण दिनभर झील परिसर में रौनक बनी रही।
पर्यटकों ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर की सबसे शानदार जगह में से एक है, लेकिन झील में चारों ओर फैली जलकुंभी ने प्राकृतिक सौंदर्य को पूरी तरह ढक दिया है। कई लोगों ने बताया कि वे झील का पानी और आसपास की हरियाली देखने की उम्मीद लेकर आए थे, लेकिन पानी की जगह सिर्फ जलकुंभी दिखाई दी।
वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि क्रिसमस के अवसर पर भी बड़खल झील पर करीब पांच हजार पर्यटक पहुंचे थे। उस दिन भी यही हालात देखने को मिले थे। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। नए साल के जश्न से पहले पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की संभावना है, लेकिन झील की हालत में सुधार होता नजर नहीं आ रहा है।
वहीं झील के निर्माण से जुड़ी कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि जलकुंभी हटाने से संबंधित टेंडर की अवधि समाप्त हो चुकी है। नए टेंडर की प्रक्रिया पूरी न होने के कारण फिलहाल काम रुका हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही नया टेंडर जारी होगा, झील से जलकुंभी हटाने का काम दोबारा शुरू कर दिया जाएगा।