ऑफिस और स्कूल जाने वालों को जलभराव और भीषण जाम का सामना करना पड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिले में मंगलवार को हुई बारिश ने शहर को पूरी तरह से पानी-पानी कर दिया। एक ओर जहां बारिश ने गर्मी से कुछ राहत दी, वहीं दूसरी ओर जगह-जगह जलभराव और ट्रैफिक जाम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।
ऑफिस और स्कूल जाने वालों को जलभराव और भीषण जाम का सामना करना पड़ा। दिल्ली-मथुरा रोड, नीलम चौक, बाटा चौक, बीके चौक, सेक्टर-16 और सेक्टर-17 सहित कई प्रमुख इलाकों में पानी भरने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। सुबह सात बजे के आसपास शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने देखते ही देखते मुख्य मार्गों को जलभराव में तब्दील कर दिया। सड़कों पर जमा पानी के कारण वाहन चालकों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्कूल बसें और दफ्तर जाने वाले वाहन रेंगते हुए चलते नजर आए। कई जगह दोपहिया वाहन बंद हो गए और लोग उन्हें धक्का देकर किनारे ले जाते दिखे। कुछ इलाकों में लोग पैदल ही स्कूलों की ओर निकलते नजर आए क्योंकि जाम में फंसी गाड़ियों से निकलना मुश्किल हो गया था।
प्रशासन की तरफ से हर मानसून से पहले जलभराव वाले ब्लैक स्पॉट में सुधार का दावा किया जाता है, लेकिन हकीकत में बारिश के बाद वही स्थान सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। दिल्ली मथुरा रोड पर सारन चौक, नीलम चौक और ओल्ड फरीदाबाद स्टेशन रोड पर भारी जलभराव देखा गया। यही हाल बीपीटीपी ब्रिज, सेक्टर-9-10 डिवाइडिंग रोड और एनआईटी बस स्टैंड के आसपास भी रहा। इन इलाकों में जल निकासी की कोई व्यवस्था न होने के कारण सड़कों पर कई फीट तक पानी भर गया, जिससे लोग घंटों फंसे रहे।
प्रशासन की तैयारियों की खुली पोल
भले ही एफएमडीए व नगर निगम हर बार मानसून से पहले नालों की सफाई और पंपिंग सेट की उपलब्धता के दावे करता है, लेकिन बारिश की एक रात और एक सुबह ने इन दावों की पोल खोल दी। कई इलाकों में नाले ओवरफ्लो होते देखे गए, जबकि कई जगह पानी की निकासी के लिए कोई इंतजाम ही नहीं दिखा। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बार बरसात में यही हाल होता है, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं किया जाता। बारिश और जलभराव के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया। एनएच पर कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। यहां तक कि कई स्कूल बसें निर्धारित समय से काफी देर से गंतव्य पर पहुंचीं।
नागरिकों ने जताई नाराजगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब हर बार यही हाल होता है तो प्रशासन को मुख्य मार्गों के लिए बारिश शुरू होते ही जलभराव वाले स्थानों पर पंप सेट लगवा देने चाहिए। इसके साथ ही प्रभावित स्थानों पर पुलिस कर्मचारियों की तैनाती कर जाम लगने से रोकना चाहिए। सुबह के समय जाम लगने से ऑफिस जाने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई है। नोएडा, दिल्ली व गुरुग्राम जाने वाले लोग सड़कों पर काफी देर तक फंसे रहे हैं। वहीं प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि बारिश के दौरान इलाकों के अनुसार कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की गई है वहीं बारिश के दौरान व सुबह अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण भी किया है। लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।