फरीदाबाद। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बुधवार को किसी भी सरकारी केंद्र पर टीकाकरण नहीं किया जाएगा। वहीं, निजी अस्पताल अपने स्तर पर टीकाकरण जारी रखेंगे। टीकाकरण नोडल डॉ. राजेश श्योकंद ने बताया कि वैक्सीन की उपलब्धता के अनुसार टीकाकरण का प्रबंधन किया जा रहा है। टीके की उपलब्धता होते ही टीकाकरण के लिए योजना बनाई जाएगी।
दो दिन में खेप मिलने की उम्मीद है। वहीं, मंगलवार को जिले में 8212 लोगों को कोरोना बचाव का टीका लगाया गया। इनमें से 2435 डोज निजी अस्पतालों में लगाई गई, जबकि 5777 डोज सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर लगाई गई। इसमें से 18 से 44 वर्ष उम्र के 5328 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया। वहीं, 45 साल से अधिक उम्र के 2881 लोगों को वैक्सीन की डोज दी गई। मंगलवार को तीन स्वास्थ्य कर्मियों ने भी टीका लगवाया। ब्यूरो