फरीदाबाद। कोरोना से बचाव का दूसरा चरण सोमवार से व्यापक टीकाकरण दिवस के रूप में आयोजित होगा। सोमवार को एफआरयू-1 सेक्टर-30 में स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा विधिवत उद्घाटन के लिए पहुंचेंगे। जिला उपायुक्त यशपाल यादव, पुलिस आयुक्त ओपी सिंह सहित अन्य आला अधिकारी इस दौरान मौजूद रहेंगे।
स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को 16 जगहों पर टीकाकरण अभियान आयोजित करने की तैयारी की है। इस दौरान कुल चार हजार से फ्रंटलाइन वर्कर को टीका लगाने का लक्ष्य है। कोरोना टीकाकरण अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. रमेश चंद ने बताया कि सीआरएफ के जवानों को पीपी एनआईटी तीन, सीआईएसएफ के जवानों को एनटीपीसी में टीका लगाया जाएगा। इसके अलावा एफआरयू-1 व एफआरयू-1 सेक्टर-3 बल्लभगढ़, सामान्य अस्पताल बल्लभगढ़, बीके सिविल अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्र खेड़ीकलां, छायंसा, पाली, सेक्टर-55, एसजीएम नगर, तिगांव, अनंगपुर, मुजेसर, नीमका जेल में टीकाकरण अभियान आयोजित किया जाएगा।
नीमका जेल में शनिवार-रविवार को लगातार दो दिन फ्रंट लाइन वर्कर का टीकाकरण किया गया। अब सोमवार को व्यापक स्तर पर टीकाकरण की योजना है। अगले तीन दिन में फ्रंट लाइन वर्कर के टीकाकरण की योजना है।
- डॉ. रमेश, टीकाकरण नोडल अधिकारी
कोरोना संक्रमण का मामला गंभीरता से लिया जाना चाहिए। इसलिए विभाग संक्रमितों के उपचार के साथ ही हर दिन ज्यादा से ज्यादा सैंपलिंग पर ध्यान दे रहा है। जिले में कोरोना के नए मरीज न आएं इसके लिए लोगों को लगातार सावधानी बरतनी चाहिए। फ्रंट लाइन वर्कर का टीकाकरण सोमवार से शुरू होगा। स्वास्थ्य निदेशक की मौजूदगी में इसे विधिवत शुरू किया जाएगा।
- डॉ. रणदीप पूनिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
9 और लोगों में कोरोना, 25 स्वस्थ
कोरोना के मामलों में लगातार गिरावट आ रही है। रविवार को जिले में कुल नौ नए मामले मिले। इस दौरान 25 मरीज स्वस्थ हुए। फिलहाल 100 से कम मामले उपचाराधीन हैं, इसमें से 11 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 46329 लोग अब तक कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 45823 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
वहीं, कोरोना संक्रमितों की मौत के मामले में भी सुधार है, बीते तीन दिनों से जिले में संक्रमितों की मौत का मामला सामने नहीं आया है। हालांकि अब तक कुल 415 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। फिलहाल जिले में सक्रिय मामलों की संख्या 91 है। इनमें से 11 अस्पताल में उपचाराधीन हैं और 80 संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि रविवार को 1528 सैंपल लिए गए हैं। इनमें से 602 की रिपोर्ट आना बाकी है। स्वास्थ्य विभाग अब प्रति एक लाख की आबादी में 28821 सैंपल ले रहा है और अब तक 518784 सैंपल लिए जा चुके हैं। रिकवरी रेट 98.9 फीसदी बना हुआ है।