कल से शुरू होगी ओपन काउंसलिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में दाखिले के लिए सोमवार को अंतिम दिन है। जिन अभ्यर्थियों ने अब तक किसी भी मेरिट के आधार पर दाखिला नहीं लिया है, उनके लिए यह आखिरी मौका है। कल यानी 5 अगस्त से ओपन काउंसलिंग प्रक्रिया की शुरुआत की जाएगी, जिसमें छात्र खाली बची सीटों के लिए आवेदन कर सकेंगे।
फरीदाबाद में कुल 9 सरकारी व निजी आईटीआई संस्थान हैं, जिनमें विभिन्न तकनीकी ट्रेडों में लगभग 2200 सीटें उपलब्ध हैं। अब तक जारी की गई तीन मेरिट के बाद भी सीटें रिक्त हैं। ऐसे में तकनीकी शिक्षा में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए यह एक सुनहरा अवसर है।
फरीदाबाद महिला आईटीआई की प्राचार्य संतोष कुमारी ने बताया कि जिन छात्रों को अब तक किसी भी मेरिट में प्रवेश का अवसर नहीं मिल पाया है, वे ओपन काउंसलिंग में भाग लेकर अपने इच्छित ट्रेड में दाखिला प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ओपन काउंसलिंग 5 अगस्त से शुरू होगी और इसके लिए सभी आईटीआई संस्थानों में हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है।