एफएमडीए इन चौक का करा रहा सर्वे, जल्द योजना बनाकर सीएम से ली जाएगी मंजूरी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिले की मुख्य सड़कें जिस-जिस चौक पर मिलती हैं और वहां पीक ऑवर में जाम की स्थिति बनती है। जाम वाले ऐसे ग्रेटर फरीदाबाद के 10 चौक का चौड़ीकरण कर जाम की समस्या से निजात दिलाने की कवायद फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) ने शुरू की है।
पहले चरण में इनका सर्वे कराया जाएगा। इसके बाद योजना बनाकर सीएम से हरी झंडी के लिए भेजी जाएगी। वर्तमान में फरीदाबाद स्थित चार चौक के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण का कार्य लगभग पूरा होने जा रहा है। पहले चरण में एनआईटी-5 स्थित नीलम चौक, एनआईटी-3 स्थित ईएसआईसी चौक, एनआईटी-5 स्थित बीके चौक और एनआईटी-1 स्थित चिमनी बाई चौक का चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण लगभग पूर्ण हो चुका है। वहीं, ग्रेटर फरीदाबाद के डीपीएस चौक, अमोलिक चौक, बीपीटीपी चौक समेत कुल 4 चौक का कार्य भी शुरू होने जा रहा है। अब फरीदाबाद जिले की ट्रैफिक पुलिस की ओर से रोड सेफ्टी को लेकर की गई जांच के बाद ग्रेटर फरीदाबाद के 10 चौक की लिस्ट दी है।
एजेंसी नियुक्त कर कितना ट्रैफिक है पता लगाएगा एफएमडीए
ग्रेटर फरीदाबाद के इन 10 चौक में कहां पर सुबह-शाम कितना ट्रैफिक होता है। प्राधिकरण एक एजेंसी नियुक्त कर इसका पता लगाएगा। जल्द ही प्राधिकरण इसके लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) एजेंसियों से मांगेगा। एजेंसी चयन के बाद इसका आकलन करेगा। नियुक्त एजेंसी की ओर से सभी चौक पर मोटरसाइकिल, पैदल, कार और भारी वाहनों की रिपोर्ट देगा। रिपोर्ट के आधार पर गोलचक्कर बनाने, चौक का चौड़ीकरण करने, ब्रिज बनाने, फुट ओवर ब्रिज बनाने जैसे सुझाव देगा। इसके बाद इसे मुख्यमंत्री के पास हरी झंडी के लिए भेजा जाएगा।
वर्जन
ग्रेटर फरीदाबाद की आबादी तेजी से बढ़ रही है। यहां पर बने चौक पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। ट्रैफिक पुलिस के रोड सेफ्टी विभाग की ओर से 10 चौक का आकलन कर योजना बनाने के लिए लिखा गया है। एफएमडीए ने इस पर कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही एजेंसी नियुक्त कर योजना बनाई जाएगी। -रमेश बागड़ी, कार्यकारी अभियंता