अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। हर घर तिरंगा अभियान के तहत फरीदाबाद में आमजन अब नजदीकी डाकघर से 25 रुपये में राष्ट्रीय ध्वज खरीद सकेंगे। भारतीय डाक विभाग की ओर से अभियान के लिए निर्धारित मानक आकार के तिरंगे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जिले में अभियान की नोडल अधिकारी एवं जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिखा ने लोगों से अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की है। सीईओ ने बताया कि आमजन अपनी जरूरत के अनुसार नजदीकी डाकघर से 25 रुपये प्रति झंडे की दर से तिरंगा खरीद सकते हैं।
जिन सरकारी या निजी संस्थानों, सामाजिक संगठनों और अन्य संस्थाओं को बड़ी संख्या में राष्ट्रीय ध्वज की जरूरत है, वे अपनी मांग की सूचना पहले डाक विभाग को दे सकते हैं। इससे संबंधित स्थान पर आवश्यक संख्या में झंडों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।