फरीदाबाद। जवाहर कॉलोनी स्थित एक एटीएम बूथ में पैसे निकाल रहे एक व्यक्ति को बातों में उलझाकर ठगों ने डेबिट कार्ड बदल लिया। कुछ देर बाद पीड़ित के खाते से करीब 22 हजार रुपये निकाल लिए। सारन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पीड़ित रवि कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 जनवरी को वह जवाहर कॉलोनी में महाराजा डेयरी के पास स्थित एटीएम बूथ से पैसे निकालने गए थे। एटीएम में कार्ड डालकर वह पैसे निकालने वाले थे, इसी दौरान दो युवक बूथ के अंदर आ गए और कहा कि आपकी ट्रांजेक्शन नहीं हो पा रही है। आरोपियों ने इसे निरस्त करने की बात कहकर डेबिट निकालकर रवि को थमा दिया। वह कार्ड लेकर घर आ गए। कुछ देर बात उनके मोबाइल पर तीन बार में करीब 22 हजार रुपये की निकासी का मैसेज आया। उन्होंने तुरंत बैंक से बात कर अपना डेबिट कार्ड ब्लॉक करा दिया और पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। संवाद