साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम ने राजस्थान के सीकर से किया गिरफ्तार
आरोपियों को 3 दिन के रिमांड पर लेकर टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर ठगों को बैंक खाता बेचने के आरोप में सीजीएल की तैयार कर रहे तीन युवकों को साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम ने राजस्थान के सीकर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान शुभम चौधरी (25), राहुल (22) और अजीत (21) के तौर पर हुई। इनसे पूछताछ में पता चला कि आरोपी शुभम खाताधारक है और बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रहा है। शुभम ने कमीशन के लालच में आकर अपना खाता राहुल को बेच दिया था। आरोपी राहुल ने ये खाता कमीशन पर अजीत को बेच दिया था।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी राहुल, अजीत के मामा का लड़का है। तीनों आरोपी सीकर में रहकर सीजीएल एग्जाम की तैयारी करते हैं। शुभम के बैंक खाते में ठगी के 70 हजार रुपये आए थे। आरोपियों को 3 दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है।
टेलीग्राम पर प्रीपेड टास्क को लेकर 11 लाख से अधिक रुपये की ठगी की एफआईआर साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ में दर्ज हुई थी। मामले में सेक्टर 10 निवासी महिला ने शिकायत दी थी। जिसमें कहा गया कि 14 दिसंबर 2024 को उन्हें व्हाट्सएप पर एक नंबर से मैसेज आया। जिसमें पार्ट टाइम जॉब का ऑफर था। महिला को टेलीग्राम ग्रुप पर जोड़ दिया गया और 3 वीडियो देखने की टास्क दी गई। जिसके बाद इन्हें 179 रुपये मिले। फिर प्रीपेड टास्क में निवेश पर मुनाफे का झांसा दिया। 1 हजार रुपये निवेश करने पर 1300 रुपये वापस मिले। बाद में निवेश कराते रहे लेकिन रिफंड नहीं दिया। इस तरह महिला से 11 लाख 45 हजार 473 रुपये ठग लिए गए। मामले में कार्रवाई कर अब पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।