व्यस्त हाईवे पर काफी देर तक हंगामा और जाम की स्थिति बनी रही
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। दिल्ली-मथुरा नेशनल हाईवे पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा उस समय घटित हुआ जब ट्रैफिक पुलिस की चालान कार्रवाई के दौरान अचानक कई वाहन आपस में भिड़ गए। यह घटना बाटा मेट्रो स्टेशन के ठीक सामने हुई, जिससे व्यस्त हाईवे पर काफी देर तक हंगामा और जाम की स्थिति बनी रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी हाईवे पर लेन बदलने वाले भारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने बीच सड़क पर खड़े होकर दिल्ली से बल्लभगढ़ की ओर जा रही एक कार को रुकने का इशारा किया। पुलिस को अचानक सामने देख कार चालक घबरा गया और उसने तेजी से ब्रेक लगा दिए। कार के अचानक रुकने से पीछे आ रही दूसरी कार और उसके पीछे चल रहा ट्रक आपस में जा भिड़े।
हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दोनों कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक बाइक भी चपेट में आ गई, जिससे उस पर पीछे बैठी महिला असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ी। इस पूरी घटना में महिला सहित तीन लोगों को चोटें आईं हैं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और यातायात बाधित हो गया।