नगर निगम की टीम ने मथुरा रोड स्थित वाटिका माइंडस्केप में चलाया अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम प्रशासन ने संपत्तिकर की बकाया राशि जमा नहीं कराने वाले संपत्ति मालिकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को नगर निगम की टीम ने मथुरा रोड स्थित वाटिका माइंडस्केप में सीलिंग अभियान चलाकर संपत्तिकर बकायेदारों की तीन यूनिट को सील कर दिया। निगम की कार्रवाई के बाद दो यूनिट के मालिकों ने बकाया संपत्तिकर की राशि ऑनलाइन जमा करा दी। दोनों यूनिट से निगम को कुल 15 लाख 28 हजार 638 रुपये की रिकवरी हुई है।
नगर निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह के निर्देश पर क्षेत्रीय एवं कराधान अधिकारी सृष्टि बब्बर तथा नगर निगम ओल्ड जोन-2 के जेडटीओ के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। निगम की टीम ने संपत्तिकर बकाया वाली संपत्तियों को चिन्हित कर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान वाटिका माइंडस्केप में तीन यूनिट को संपत्तिकर बकाया होने के कारण सील किया गया। सीलिंग की कार्रवाई के बाद संबंधित संपत्ति मालिकों ने बकाया राशि जमा कराने की प्रक्रिया शुरू की। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार संपत्तिकर बकाया रखने वाले अन्य संपत्ति मालिकों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी रहेगी। निगम की ओर से बकायेदारों को नियमानुसार संपत्तिकर जमा कराने के लिए कहा जा रहा है। नगर निगम आयुक्त अधिकारियों ने संपत्ति मालिकों से अपील की है कि वे समय पर अपना संपत्तिकर जमा कराएं, ताकि कार्रवाई से बचने के साथ शहर के विकास कार्यों में भी सहयोग किया जा सके।