फरीदाबाद। शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। प्रदूषण नियंत्रण मानकों की अवहेलना करने पर प्रशासन की टीम ने वर्ल्ड स्ट्रीट स्थित तीन रेस्तरां पर जुर्माना लगाया है। सोमवार रात चलाए गए जांच अभियान के दौरान रेस्तरां में अवैध ईंधन के इस्तेमाल की जांच की गई। इसके अलावा जिले में स्थित रेडी मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) प्लांटों का भी निरीक्षण किया गया।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। धूल और वायु प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने 500 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल वाली सभी निर्माण साइटों का धूल नियंत्रण पोर्टल (डस्ट पोर्टल) पर पंजीकरण अनिवार्य किया है।