यूके से लौटे तीन लोग बिना बताए राजस्थान रवाना
फरीदाबाद। युनाइटेड किंगडम (यूके) कंट्री के अलावा कई देशों में फैल चुके कोरोना के नए स्ट्रेन से आफत है। यूके होते हुए फरीदाबाद पहुंचे कुछ एनआरआई में कोविड की पुष्टि के बाद नए स्ट्रेन को लेकर चिंताएं बढ़ चुकी हैं। वहीं, अब तीन लोग विभाग को बिना बताए राजस्थान के लिए भी रवाना हो चुके हैं। ऐसे में विभाग की चिंता और बढ़ गई है। इन तीनों लोगों की जानकारी राजस्थान स्वास्थ्य विभाग को दी गई है। यह लोग जोधपुर व उदपुर के लिए रवाना हुए हैं।
पासपोर्ट में दर्ज है पुराना पता
यूके से लौटे कई लोगों के पते व जानकारी गलत मिली हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणदीप पुनिया ने बताया कि बेशक यह लोग पासपोर्ट के जरिए अपने पते की प्रमाणिक जानकारी दे रहे हों लेकिन निश्चित तौर पर वर्तमान पते की जानकारी लेने में समस्या आ रही है। ज्यादातर ने जानकारी ऐसे रिहायशी पते की दी है जहां यह लोग पहले रहते थे। अब मूलत: यह लोग अपने बताए पते पर नहीं रह रहे। इसी तरह फोन नंबर भी अपडेट नहीं किया गया। मौजूदा समय में भी करीब 10 से 15 लोगों के पते की जानकारी नहीं मिल रही। वहीं कुछ लोग जांच में भी सहयोग नहीं कर रहे। एफआईआर के अलावा अन्य विकल्प हैं, हालांकि विभाग सहयोग से कार्य कर जनहित में कार्य करने के प्रयास में है।
जांच में बरती जा रही है सावधानी
कोविड के नए स्ट्रेन को लेकर सतर्कता बरतने के लिए 25 नवंबर से 23 दिसंबर के बीच यूके से वापस लौटे लोगों की जांच में सावधानी बरती जा रही है। डॉ. रणदीप पुनिया ने बताया कि विभाग को 188 लोगों की लिस्ट मिली थी। इनमें से तीन लोगों के नाम का दोहराव था। शेष 185 लोगों की लिस्ट में से 148 के सैंपल लिए जा चुके हैं। एक व्यक्ति इसी दौरान वापस यूके लौट गया। दस से 15 लोगों के पते व फोन नंबर की तलाश है। दो लोग गलत जानकारी देने के बाद जांच में सहयोग नहीं कर रहे। ऐसे लोगों को उनके मूवमेंट (आवागमन) को रोकने के लिए सख्ती बरती गई है। जांच में सहयोग के लिए पुलिस का सहारा लिया जा रहा है।