खाते में ठगी के 2.65 लाख रुपये आए थे, दो आरोपी चार दिन के रिमांड पर
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शेयर मार्केट में मुनाफा कमाने का लालच देकर 41.50 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह से जुड़े तीन आरोपियों को साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सेक्टर-2 निवासी दीपक, राव कॉलोनी निवासी आकाश रावत तथा पलवल निवासी हर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने खाताधारक हर्ष को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं आकाश और दीपक को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
जांच के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि हर्ष के बैंक खाते में ठगी के 2.65 लाख रुपये आए थे। आकाश और दीपक ने ही उसका बैंक खाता खुलवाकर साइबर ठगों को दिया था।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-49 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसने शेयर मार्केट में निवेश संबंधी जानकारी देने वाले एक टेलीग्राम चैनल को ज्वॉइन किया था। चैनल पर अधिक मुनाफे के दावे किए जाते थे। आरोपियों के झांसे में आकर पीड़ित ने नवंबर 2025 से दिसंबर 2025 के बीच कुल 41 लाख 50 हजार 597 रुपये निवेश कर दिए। जब पीड़ित ने निवेश की गई राशि निकालने का प्रयास किया तो उससे टैक्स और अन्य शुल्क के नाम पर अतिरिक्त रकम मांगी गई। ठगी होने का एहसास हुआ और उसने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों और नेटवर्क की तलाश कर रही है।