शेयर बाजार में निवेश, लोन दिलाने और क्रेडिट कार्ड बनवाने के नाम पर की गई धोखाधड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। साइबर ठगी के तीन अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 38.08 लाख रुपये, लोन दिलाने के बहाने 1.22 लाख रुपये और क्रेडिट कार्ड बनवाने का झांसा देकर 48,633 रुपये की ठगी की गई।
साइबर थाना एनआईटी की टीम ने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ निवासी नरेंद्र और दिल्ली के कल्याणपुरी निवासी यश को गिरफ्तार किया, जबकि साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने राजस्थान के धौलपुर निवासी होटम त्यागी उर्फ सोनू को पकड़ा। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सैनिक कॉलोनी निवासी व्यक्ति से जून 2024 में व्हाट्सएप ग्रुप के जरिये शेयर बाजार में निवेश पर 800 प्रतिशत तक मुनाफे का लालच देकर 38.08 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए थे। आरोपी नरेंद्र ने जगदीश गिरी का बैंक खाता साइबर ठगों तक पहुंचाया था। इस खाते में ठगी के 6.05 लाख रुपये आए थे। दूसरे मामले में एनआईटी-5 निवासी व्यक्ति को अधिक लिमिट वाला क्रेडिट कार्ड दिलाने के नाम पर एपीके फाइल भेजी गई। इसके जरिये क्रेडिट कार्ड से 48,633 रुपये निकाल लिए गए। पहले गिरफ्तार अरमान अंसारी ने फाइल भेजकर कार्ड से सामान ऑर्डर किया था। यश सामान प्राप्त कर बाजार में बेचता और रकम का हिस्सा अरमान को देता था।
तीसरे मामले में सेक्टर-8 निवासी व्यक्ति से 20 लाख रुपये का लोन दिलाने के नाम पर प्रक्रिया और अन्य शुल्क के बहाने 1.22 लाख रुपये ठगे गए। पुलिस के अनुसार, होटम त्यागी ने हर्ष का बैंक खाता ठगों को उपलब्ध कराया था, जिसमें 97 हजार रुपये आए थे। जयपुर में टैक्सी चलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस इस मामले में हर्ष समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। नरेंद्र और यश को भी न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।