फरीदाबाद। खेड़ीपुल थाना क्षेत्र में कहासुनी का बदला लेने के लिए ऑटो चालक पर कैंची और चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपियों की पहचान भारत कॉलोनी निवासी वकील खान और मोहम्मद हासिम के रूप में हुई है, जबकि तीसरा आरोपी नाबालिग है।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कैंची बरामद कर ली है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार हनुमान नगर नहर पार निवासी कर्ण ने खेड़ीपुल थाने में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया कि 27 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे वह हनुमान नगर खेड़ी रोड पर ऑटो लेकर खड़ा था। इसी दौरान वकील नाम का युवक उसके पास आया और उसे वीरवती वाटिका तक छोड़ने के लिए कहा। ऑटो चालक ने वहां जाने से मना कर दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद कर्ण अपना ऑटो लेकर अमौलिक चौक की तरफ जाने वाली सड़क पर खड़ा हो गया। आरोप है कि कुछ समय बाद वकील अपने दोस्त हासिम और एक नाबालिग के साथ बाइक पर वहां पहुंचा। तीनों ने ऑटो चालक पर हमला कर दिया। वकील और हासिम को अदालत में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। संवाद