संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शिव दुर्गा विहार, लक्कड़पुर में नशा करने से रोकने पर परिवार पर चाकू से हमला करने के मामले में अपराध शाखा एनआईटी ने कपिल, अंशराज दुबे और यश उर्फ अंशु को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी शिव दुर्गा विहार में रहते हैं। पुलिस के अनुसार, 31 अक्तूबर और एक नवंबर की रात कुछ युवक घर के सामने खाली प्लॉट में नशा कर शोर मचा रहे थे। परिवार ने उन्हें वहां से जाने को कहा तो वे चले गए, लेकिन कुछ देर बाद साथियों के साथ लौटकर मारपीट करने लगे। आरोप है कि कपिल ने शिकायतकर्ता रामजी शर्मा और बीच-बचाव करने आए उनके नाना मुन्ना शर्मा पर चाकू से कई वार किए। रामजी की मां भी घायल हुईं। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि कपिल को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि अन्य दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।