साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने पकड़े आरोपी
2 दिन के रिमांड पर लेकर टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। टेलीग्राम टास्क के बहाने ठगी के मामले में 3 आरोपियों को साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में राजस्थान के हनुमानगढ़ के नरवेल सिंह, इश्विन्द्र सिंह और हरवंश सिंह शामिल हैं। इनसे पूछताछ में सामने आया कि आरोपी हरवंश सिंह, इश्विन्द्र सिंह का मामा है। हरवंश ने अपने साथी नरवेल सिंह का बैंक खाता लेकर अपने भांजे इश्विन्द्र को दिया। इसने यह खाता आगे ठगों को उपलब्ध करवा दिया। नरवेल सिंह के खाते में ठगी के 30 हजार रुपये आए थे।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों को 2 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम पूछताछ कर रही है। ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत एनआईटी 3 की रहने वाली महिला ने दी थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पास पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर एक मैसेज आया। इसके बाद आरोपियों ने उनसे व्यक्तिगत जानकारी प्राप्त की और टेलीग्राम के माध्यम से लिंक भेजकर उसे विभिन्न प्रीपेड टास्क दिए। टास्क पूरा करने के नाम पर उनसे अलग-अलग खातों में कुल 73 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। बाद में रिफंड नहीं मिला तो ठगी का अहसास हुआ और मामला पुलिस तक पहुंचा। साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।