- साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने पकड़े आरोपी
- आरोपियों को अदालत में पेश कर भेजा जेल
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। युवक को कॉल कर बेटी के पास ड्रग्स होने का डर दिखाकर 64 हजार रुपये की ठगी के मामले में तीन आरोपियों को साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान बिहार के शेखपुरा निवासी बजरंगी, विश्वजीत और नालंदा के रामप्रीत पासवान के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि विश्वजीत ने अपने भाई बजरंगी का बैंक खाता खुलवाकर रामप्रीत को दिया था। इसने खाते को आगे साइबर ठगों को दिया था। आरोपी बंजरगी के खाते में ठगी के 64 हजार रुपये आए थे। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों को पूछताछ के बाद अदालत में पेश कर जेल भेजा गया है।
मामले में सेक्टर-21ए निवासी युवक ने पुलिस को शिकायत दी थी। इसमें आरोप लगाया गया कि 20 सितंबर 2024 को उनके पास एक नंबर से कॉल आई। आरोपी ने कहा कि आपकी बेटी के पास ड्रग्स मिले हैं और इसके खिलाफ केस दर्ज कराया जा रहा है। केस से बेटी को बचाने के लिए रुपये ट्रांसफर करने को कहने लगे। इस तरह से 64 हजार रुपये ठग लिए गए। साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।