आरोपियों को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। ऑटो में बिठाकर गहने चुराने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को पुलिस चौकी टाउन नंबर 3 की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान दिल्ली रोहिणी सेक्टर-2 निवासी अक्षय, नेहरू कॉलोनी निवासी नीशू व महिला किरण के तौर पर हुई है।
आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी एक ऑटो को चलाने के लिए किराये पर लेते थे। फिर उसमें एक/दो लोग चालक के साथ और एक महिला और एक बच्चा पीछे बैठाते थे। जिसके बाद वो किसी ऐसी महिला की तलाश करते जो बुजुर्ग हो और जिसने आभूषण पहने हो। महिला को ऑटो में बैठाकर चालक के साथ बैठे आरोपी भी पीछे बैठ जाते। फिर ऑटो में बैठी महिला को परेशान करते और बातों में उलझाते। ऑटो में इनके साथ बैठी महिला आरोपी भीड़ अधिक होने के चलते ऑटो से गिरने का नाटक करती। इस दौरान टारगेट महिला का ध्यान भटकता और आरोपी उसकी जूलरी चुरा लेते। ऐसे ही ऑटो में बैठी महिला के गले से आरोपियों ने सोने की चेन चोरी की थी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों से सोने की चेन और वारदात में प्रयोग किया गया ऑटो बरामद कर लिया गया है। आरोपियों पर पहले भी इस तरह की ठगी के 4 केस फरीदाबाद में दर्ज हैं। आरोपियों को 4 दिन के रिमांड पर लेकर पुलिस टीम पूछताछ कर रही है।
एसजीएम नगर थाना अंतर्गत टाउन नंबर 3 पुलिस चौकी में एनआईटी निवासी महिला कमलेश भाटिया ने शिकायत दी थी। महिला ने कहा कि 3 जून की दोपहर वा किसी काम से जा रही थी। जिसके लिए उसने आर्य समाज मंदिर एनआईटी 3 के सामने से ऑटो लिया। ऑटो में पहले से ही एक औरत और एक लड़का पिछली सीट पर बैठा था। वह भी उनके साथ पिछली सीट पर बैठ गई और ऑटो चालक के साथ एक और लड़का आगे बैठा था। थोड़ी देर बाद ऑटो चालक ने ऑटो को रास्ते में रोककर पास बैठे लड़के से कहा कि ऑटो के आगे वाले टायर में हवा कम है तुम पीछे बैठ जाओ। जब ऑटो ईएसआईसी अस्पताल से आगे चौक के पास पहुंचा तो ऑटो वाले ने उससे कहां की यहीं उतर जाओ, उन्हें कहीं और जाना है। जब वह ऑटो से उतरकर जाने लगी तो देखा कि गले में पहनी हुई उसकी करीब एक तोला सोने की चेन गायब थी।