फरीदाबाद। टेलीग्राम टास्क के नाम पर 54 हजार रुपये की ठगी मामले में महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों में पलवल निवासी महिला के अलावा पलवल की प्रकाश कॉलोनी निवासी कृष्ण सिंह और यूपी कोसी निवासी विशाल शामिल हैं।
आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि महिला और कृष्ण फरीदाबाद में एक साथ नौकरी करते हैं। कृष्ण ने महिला का खाता लेकर विशाल को दिया था। विशाल ने टेलीग्राम एप पर ही ये खाते की डिटेल आगे ठगों को दी थी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी महिला को अदालत में पेश कर जेल भेजा गया है। वहीं कृष्ण व विशाल से टीम पूछताछ कर रही है। ठगी की ये वारदात कृष्णा कॉलोनी में रहने वाली महिला से हुई थी। महिला को घर बैठे कमाई का झांसा दिया गया। टेलीग्राम पर कुछ टास्क पूरे करने को कहा गया। ये टास्क पूरे करने पर महिला को 180 रुपये भी दिए गए। बाद में प्रीपेड टास्क में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर 54 हजार रुपये ठग लिए गए। ब्यूरो