16 मई को छांयसा थाने में दर्ज हुई थी एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। किराना दुकान संचालक का रास्ता रोक डकैती मामले में तीन आरोपियों को अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान बल्लभगढ़ के ऊंचा गांव निवासी पवन(19), मोहित (19) और गढ़खेड़ा गांव निवासी फिरोज (19) के तौर पर हुई। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि उन्होंने अपने तीन अन्य साथियों के साथ दो बाइक पर सवार होकर वारदात की थी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों को रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है।
मामले में अटाली गांव के रहने वाले हरिओम ने छांयसा थाना में शिकायत दी थी। जिसमें बताया गया कि बल्लभगढ़ में उनकी किराना दुकान है। दुकान पर उनके गांव का ही युवक तोयस भी काम करता है। 16 मई को वे तोयस के साथ दुकान बंद कर बाइक से अपने गांव अटाली जा रहे थे। रात लगभग साढ़े 9 बजे अटाली गांव से पहले ही दो बाइक पर सवार होकर आए 6 युवकों ने चलती बाइक से उनकी चाबी निकाल रुकवा लिया। फिर आरोपियों ने अचानक हथौड़े व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। आरोपियों ने हरिओम की जेब से लगभग 1 लाख रुपये लूटे और भाग गए। छांयसा थाने में डकैती की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई। इसी मामले में जांच करते हुए अब अपराध शाखा टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।