लिंक पर क्लिक करते ही एपीके फाइल हुई इंस्टॉल
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। व्हाट्सएप पर भेजे गए एक लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल में एपीके फाइल इंस्टॉल हो गई और कुछ ही देर में शिकायतकर्ता के बैंक खाते से 22 हजार व उनके पिता के बैंक खाते से पचास हजार रुपये निकाल लिए गए। कुल 72 हजार की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने छह अगस्त को खाताधारक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की पहचान नवीन, अरुण कुमार और दीपक बंसल के रूप में हुई है। तीनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। प्राथमिकी के अनुसार सेक्टर-तीन, बल्लभगढ़ निवासी अमित कुमार ने शिकायत में बताया कि तीन मई को उन्होंने ऑनलाइन ऑर्डर वापस करने के लिए इंटरनेट पर कस्टमर केयर नंबर खोजकर कॉल की। कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को कस्टमर केयर कर्मचारी बताते हुए व्हाट्सएप पर लिंक भेजा। शिकायतकर्ता ने जैसे ही उस लिंक पर क्लिक किया, मोबाइल में एपीके फाइल इंस्टॉल हो गई। इसके बाद साइबर ठगों ने शिकायतकर्ता के खाते से 22 हजार और उनके पिता के खाते से पचास हजार निकाल लिए।
जांच में सामने आया कि आरोपी अरुण ने खाताधारक नवीन का बैंक खाता अपने साथी दीपक को उपलब्ध कराया था। ठगी की रकम में से पचास हजार नवीन के खाते में आए थे। खाते से जुड़ा सिम कार्ड दीपक के पास था, जिसने उसी के माध्यम से रकम आगे साइबर ठगों के खातों में स्थानांतरित कर दी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।