-आरोपियों को 4 दिन के रिमांड पर लेकर टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। एपीके फाइल भेजकर मोबाइल हैक कर ठगी के मामले में तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले रोकी, दीपक और अमित शामिल हैं। पूछताछ में सामने आया कि तीनों दोस्त हैं और बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे। ठगी से प्राप्त रकम पर कमीशन लेकर आपस में बांट लेते थे। ठगी के 2.35 लाख रुपये अमित के बैंक खाते में आए थे।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों को 4 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम पूछताछ कर रही है। ठगी को लेकर पुलिस को शिकायत एनआईटी निवासी व्यक्ति ने दी थी।