फरीदाबाद। जिले में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की ओर से चार-पांच जुलाई को एचटेट आयोजित की जाएगी। परीक्षा जिले के 14 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा तीन सत्रोंं में आयोजित की जाएगी। चार जुलाई को लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा शाम 3 बजे से 5:30 बजे तक आयोजित होगी। पांच जुलाई को सुबह 10 बजे से 12:30 बजे तक लेवल-2 (टीजीटी) तथा इसी दिन दोपहर 3 बजे से 5:30 बजे तक लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
परीक्षा के आयोजन को लेकर बुधवार को लघु सचिवालय में बैठक का आयोजन किया गया। इस मौके पर डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि जिला प्रशासन परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, नकल रहित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। डीसी ने कहा कि परीक्षा के दौरान सभी 14 परीक्षा केंद्रों की 100 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा-163 लागू रहेगी। इस क्षेत्र में चार या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने पर प्रतिबंध रहेगा। संवाद