संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का तीसरा राउंड 17 नवंबर को डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में आयोजित किया जाएगा। शहर के तीनों जोन की 83 टीमें क्विज प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। 13 अक्टूबर को प्रतियोगिता के पहले राउंड में फरीदाबाद के 1590 स्कूल के 5,57,500 छात्रों और पहले राउंड से चयनित 8470 छात्रों ने 27 अक्टूबर को दूसरे राउंड में हिस्सा लिया था। विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरुकता बढ़ाने के लिए आयोजित की जाने वाली रोड सेफ्टी क्विज प्रतियोगिता का तीसरा राउंड डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में सुबह 9 बजे आयोजित किया जाएगा। यह प्रतियोगिता एसीपी ट्रैफिक विनोद कुमार के नेतृत्व में आयोजित किया जाएगा। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के लिए चार लेवल बनाए गये थे, जिसमें पहला लेवल कक्षा तीसरी से पांचवी, दूसरे लेवल में कक्षा छठी से आठवी, तीसरा लेवल कक्षा नौ से बारहवीं और चौथा लेवल सभी कॉलेज के छात्रों के लिए था।