संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन भी जिले के मंदिरों में भीड़ देखने को मिली। वहीं, बृहस्पतिवार को भी तीसरा नवरात्र मनाया जाएगा क्योंकि इस बार एक नवरात्र ज्यादा है। इसलिए इस बार 10वें दिन 1 अक्तूबर को रामनवमी मनाई जाएगी।
एनआईटी स्थित महारानी वैष्णो देवी मंदिर में तीसरे नवरात्र के दिन मां चंद्रघंटा की पूजा अर्चना की गई। प्रधान जगदीश भाटिया ने बताया कि तीसरे दिन भी सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ देखने को मिल रही है। उन्होंने बताया कि भक्तों को मंदिर में पहुंचने में कोई परेशानी न हो इसके चलते मंदिर वाली सड़क को दो दिनों के लिए बंद कर दिया जाता है। इस सड़क से सिर्फ पैदल लोग ही आवागमन करते हैं। वहीं, उनकी ओर से दोपहर से लेकर शाम तक भंडारे का भी आयोजन किया जाता है।
वहीं, बस स्टैंड स्थित श्री सिद्धपीठ महाकाली मंदिर के पंडित पंकज तिवारी ने बताया कि इस बार बृहस्पतिवार को भी मां चंद्रघंटा की पूजा अर्चना की जाएगी। वहीं, इस बार रामनवमी 1 अक्तूबर को 10वें दिन मनाया जाएगा क्योंकि तीसरा नवरात्र दो दिन मनाया जा रहा है। उनके मंदिर में भी रात के समय चौकी का आयोजन किया जाता है, जिसमें गायक भजन को प्रस्तुत करता है। इसके अलावा एनआईटी-5 नंबर स्थित बांके बिहारी मंदिर, सेक्टर-16 स्थित कालीबाड़ी मंदिर, पल्ला, दीपावली एन्क्लेव स्थित दुर्गा मंदिरों में भी भक्तों की भीड़ रही।