संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके अस्पताल चौक से नीलम चौक तक ट्रैफिक के दबाव को देखने के लिए शनिवार से सोमवार तक तीसरी आंख की नजर रहेगी। इस दौरान इस रोड से गुजरने वाली प्रत्येक वाहन पर फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण की नजर होगी। इसके आधार पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए रणनीति तैयार की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी गुरुग्राम की एक निजी एजेंसी को दी गई है।
सुबह से शाम तक नीलम पुल से बीके चौक तक ट्रैफिक जाम रहता है। ट्रैफिक धीरे-धीरे चलता है, इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए इस सड़क को एफएमडीए ने जाम मुक्त करने का निर्णय लिया है। इसके लिए शनिवार सुबह बीके चौक के पास और नीलम पुल के नजदीक सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्णय लिया गया है। इसके माध्यम से सड़क से गुजरने वाले प्रत्येक वाहन पर नजर होगी। इसके आधार पर गुरुग्राम के एक निजी कंपनी के माध्यम से सर्वें कराया जाएगा। जिससे एनआईटी क्षेत्र में रहने वाले लोगों को जाम से छुटकारा दिया जा सके। बीते बुधवार को 29वीं कोर प्लानिंग सेल (सीपीसी) बैठक में एफएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुधीर राजपाल ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से सर्वें कराकर प्रोजेक्ट रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए थे। इस दौरान अधिकारियों ने एनआईटी को मथुरा रोड से जोड़ने के लिए दो अंडर पास बनाने का भी प्रस्ताव रखा है। जिससे की नीलम फ्लाई ओवर से ट्रैफिक कम हो जाए। वहीं, एफएमडीए के अभियंता हरजीत सिंह का कहना है कि सर्वे का काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी एक निजी कंपनी को सौंप दी गई है। इसके आधार पर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।
वर्जन
सर्वे का काम जल्द पूरा कर इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा। वाहनों के दबाव के अनुसार सड़क समेत अन्य कार्य कराए जाएंगे।
सुधीर राजपाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी