उमस भरी गर्मी में डॉक्टर से परामर्श के लिए लाइन में खड़े रहे मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके अस्पताल में सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे अचानक बिजली गुल हो गई। जिसके चलते लगभग आधे घंटे तक मरीज उमस भरी गर्मी में अंधेरे में बैठे रहे। इसके कारण मरीजों को काफी समस्या हुई। दरअसल, अस्पताल की ओपीडी में आने- जाने के लिए केवल एक ही छोटा सा द्वार है। जहां से हवा भी सही से पास नहीं हो पाती।
ओपीडी में मरीजों की परेशानी को देखने हुए स्वास्थ्य विभाग काफी समय से दूसरा द्वार बनाने की बात कर रहा है। लेकिन, अभी तक इसको लेकर कोई भी कार्य नहीं किया गया है। जिसके खामियाजा सिर्फ मरीजों और उनके साथ आए तीमारदारों को भुगतना पड़ता है। ओपीडी में एक छोटा सा द्वार है, जिसके चलते दोपहर में मरीजों की अधिक संख्या होने के बाद पूरी ओपीडी में उमस बन जाती है। मरीज सिर्फ पंखे के भरोसे गर्मी में बैठे रहते हैं। जोकि काफी धीमी गति से चलते हैं। हालांकि ओपीडी में एसी लगाने को लेकर भी विचार किया जा रहा है।
मरीजों से बातचीत
ओपीडी में लगभग आधे घंटे से बिजली गायब है। यहां मेरे लिए खड़ा रहना मुश्किल हो गया है। मैं अपनी लाइन से बाहर नहीं जा सकती नहीं तो मुझे बाद में और भी ज्यादा पीछे लाइन में खड़ा होना पड़ेगा। तपती गर्मी बिना पंखे के लोग और भी ज्यादा बीमार पड़ जाएंगे।
रहीसा, राजू नगर
मैं डॉक्टर से परामर्श लेने के लिए अस्पताल आई थी। काफी देर तक लाइन में खड़े रहने के बाद मुझे बैठने के लिए जगह मिली और फिर कुछ ही देर में लाइट चली गई। इस समय ओपीडी में बहुत ज्यादा भीड़ होती है। जिसके चलते उमस बन जाती है। ऐसे में यहां बैठना कापी चुनौतीपूर्ण है।
संध्या सिंह, संजय कालोनी
यह जिले का एकमात्र नागरिक अस्पताल है। सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए कि पूरे जिले में एक अस्पताल है और उसमें भी सुविधाओं का आभाव है। इतनी गर्मी में मरीज कैसे लाइन में बैठकर इंतजार करेगा। चारों ओर अंधेरा हो रखा है। मुझे डेढ़ घंटे से ऊपर हो गया लाइन में खड़े हुए। ऐसे में तो मुझे मजबूरन बिना दवा के घर जाना पड़ेगा। -
नाजनीन बानो, डबुआ कालोनी
वर्जन
बिजली कटने को लेकर पहले सूचना नहीं मिली थी। लेकिन, जैसे ही मामला संज्ञान में आया। बिजली की समस्या को देखते हुए तुरंत प्रभाव से सुचारू रूप से चालू कर दिया गया।
- एसएमओ डॉ. विकास गोयल