फरीदाबाद। बिजली दफ्तरों में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए बनाए गए दो गज की दूरी के नियम का सख्ती से पालन नहीं किया जा रहा है। लोग एक दूसरे के पास खड़े हो रहे हैं। इससे कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। ग्रेटर फरीदाबाद स्थित खेड़ीकला सबडिवीजन और एनआईटी चार सबडिवीजनों में स्थिति ज्यादा खतरनाक बनी हुई है।
एनआईटी चार और खेड़ीकला सबडिवीजन में रोजाना एक हजार से ज्यादा लोग बिजली संबंधी कामों के लिए पहुंचते है। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए दोनों सबडिवीजनों में मुख्य द्वार पर सैनिटाइजर की हैंड मशीन लगी है, मगर सैनिटाइजर से हाथ साफ करना अनिवार्य की कोई सूचना नहीं दी गई है। इससे कुछ लोग हाथों को सैनिटाइज करते है तो कुछ नहीं। बिलिंग काउंटर पर लोगों की दिनभर भीड़ लगी रहती है। इसके अलावा अनेक लोग गलत बिलों की शिकायत के लिए पहुंच रहे हैं। यहां समय पर समस्या का समाधान नहीं होने के कारण लोग ज्यादा परेशान देखे गए।
बिजली उपभोक्ता बाबूराम ने बताया कि विभाग की ओर से हर माह बिना रीडिंग लिए बिल गलत बिल भेज दिया जाता है। ठीक करने के नाम अधिकारी पहले बिल भरने की बात करते हैं। अब गलत बिल का भुगतान कैसे करें ये समझ नहीं आता है। अधिकारी टालमटोल करके लौटे देते है। रश्मि ने बताया कि दो महीने में उनका एक हजार से 12 सौ रुपये तक का बिल आता है। इस बार 24 हजार का बिल भेज दिया। दो-तीन बार बिल ठीक करवाने आ चुकी है मगर कोई सुनवाई नहीं होती है। अधिकारी अगर समस्या का एक बार में समाधान कर दें तो लोगों को बार-बार आने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी।
कोट
बिजली दफ्तरों में सामाजिक दूरी का पालन करने के लिए लोगों को बार-बार कहा जाता है, मगर लोग मानते नहीं है। इस कारण बिनिंग काउंटर पर भीड़ रहती है। सामाजिक दूरी का पालन करवाने के लिए सभी सबडिवजनों में एक-एक कर्मचारी की ड्यूटी लगाई जाएगी।
- नरेश कक्कड़, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम