होडल। प्रशासन ने शहर में किसी भी स्थान पर ग्राहकों और दुकानदारों के वाहनों को खड़ा करने के लिए पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं की है। इस कारण शहर में जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। लोग अपने वाहन दाएं-बाएं बेतरतीब तरीके से खड़े कर देते हैं। इससे वहां से निकलने वाले अन्य वाहन फंस जाते हैं और जाम की समस्या पैदा हो जाती है। यहां तक कि कई बार अधिकारियों की गाड़ियां भी जाम में फंसी देखी जा सकती हैं लेकिन नगर परिषद प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।
जगजीवनराम चौक, गांधी चौक, गढि़या बाजार, अस्पताल सड़क मार्ग, जगजीवनराम चौक से राजीव गांधी चौक, अनाज मंडी सहित अन्य बाजारों में इन वाहनों के कारण पूरा दिन जाम की स्थिति रहती है। जाम में कई बार तो एंबुलेंस के अलावा पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के वाहन भी सायरन बजाते हुए घंटों तक फंसे रहते हैं।
प्रशासनिक अधिकारी भी इस जाम को देखकर अनजान बने रहते हैं और समस्या को निपटाने के बजाय यहां से निकलने के प्रयास में जुटे रहते हैं। वाहनों को खड़ा करने के मामले को लेकर बाजारों में ग्राहक और दुकानदारों के बीच आए दिन कहासुनी होती है। सबसे अधिक बुरा हाल तो गांधी चौक, सर्राफा बाजार, गढि़या चौक, जगजीवनराम चौक, अग्रसैन चौक, पुरानी अनाज मंडी का है।
यहां खड़ी बाइकों व अन्य वाहनों के कारण तो यहां से पैदल निकलना भी दूभर हो जाता है। दुकानदारों ने इस मामले से कई बार नगर परिषद के अधिकारियों को अवगत कराया है, लेकिन परिषद के अधिकारी इस ओर गंभीर नहीं हैं।
क्या कहते हैं लोग
शहर के किसी भी बाजार में वाहन पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है। जब सामान खरीदने बाजार पहुंचते हैं तो अपने वाहन को काफी दूर खड़ा करना पड़ा है। इस कारण वाहन चोरी होने का खतरा बना रहता है। प्रशासन को इस मामले में गंभीरता बरतनी चाहिए। बाजार में किसी भी स्थान पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था होनी चाहिए। -पारस अग्रवाल, स्थानीय निवासी
बाजार में अवैध रूप से गलत तरीके से खड़े वाहनों के कारण आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है। बाजार से पैदल निकलना भी दूभर हो जाता है। कई बार तो वाहनों के कारण एंबुलेंस व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के वाहन भी जाम में फंस जाते हैं। प्रशासन को बाजार में वाहन पार्किंग की व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए। -जितेंद्र गर्ग, अधिवक्ता, होडल
नगर परिषद के पास बाजार में वाहन पार्किंग बनाने के लिए जगह उपलब्ध नहीं है। कुछ दुकानदारों द्वारा दुकानों के सामने सड़क मार्ग पर अतिक्रमण किया हुआ है। जिसके कारण बाजार में जाम की समस्या बनी रहती है। दुकानों के सामने अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ पालिका एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। -मनेंद्र सिंह, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद