फरीदाबाद। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि लघु सचिवालय में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से प्रदेश की 1178 करोड़ रुपये की लागत से 98 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। गुर्जर ने कहा कि फरीदाबाद में 34.25 करोड़ रुपये की लागत की तीन विकास परियोजनाओं की मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुरुआत की है। उनमें 19 करोड़ 55 लाख 46 हजार रुपये की लागत से स्वर्ण जयंती योजना के तहत स्थापित हुए कस्तूरबा सेवा सदन में बने ऑब्जरवेशन होम, नौ करोड़ 53 लाख 51 हजार रुपये की लागत से सेक्टर-18ए में बने नए आईटीआई भवन व पांच करोड़ 16 लाख 47 हजार रुपये की लागत से सिकरोना गांव में बने आईटीआई भवन शामिल हैं।
गुर्जर ने कहा कि सरकार की कथनी और करनी में कोई फर्क नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में और मुख्यमंत्री मनोहर लाल नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा, चिकित्सा, सड़कों, नहरों व विकास के हर क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास कार्य पिछले सात वर्षों से करवाए गए हैं। नया हरियाणा ऐतिहासिक विकास के नाम से जाना जा रहा है। गुर्जर ने कहा कि फरीदाबाद और पलवल में भी विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। ग्रेटर फरीदाबाद को नया फरीदाबाद का कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 वैश्विक महामारी में प्रशासन द्वारा समाजसेवी संगठनों व अन्य लोगों के सहयोग से महामारी पर काबू पाया जा सका है। इस अवसर पर विधायक सीमा त्रिखा, नरेंद्र गुप्ता, उपोयुक्त यशपाल, अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर मान, कार्यकारी अभियंता पीडब्ल्यूडी प्रदीप संधू मौजूद रहे।