कंपनी के मैनेजर की शिकायत पर सेक्टर-11 चौकी पुलिस ने शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। एपीजे ग्लोबल लॉजिस्टिक्स पार्क स्थित एक कंपनी से दिल्ली-एनसीआर में डिलीवरी के लिए भेजे गए करोड़ों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान के गायब होने का मामला सामने आया है। कंपनी प्रबंधन ने चालक पर विश्वासघात और सामान के गबन का आरोप लगाते हुए सेक्टर-11 पुलिस चौकी में शिकायत दी है।
पुलिस ने शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता रामकुमार शुक्ला ने बताया कि वह प्रो कनेक्ट सप्लाई चेन सॉल्यूशंस लिमिटेड में मैनेजर हैं। 10 जुलाई को पिकअप वाहन में एचपी के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, एप्पल लैपटॉप, आईपैड, एयरपॉड, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग डिवाइस, कीबोर्ड और माउस सहित महंगा सामान विभिन्न ग्राहकों को पहुंचाने के लिए भेजा गया था। डिलीवरी के दौरान जांच करने पर दो एप्पल लैपटॉप, दो एयरपॉड, एक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग डिवाइस तथा एचपी के 22 इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद गायब मिले।
चालक किशोर राज ने ट्रांसपोर्टर को फोन कर दावा किया कि बाटा चौक के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने वाहन रोककर सामान निकाल लिया। हालांकि कंपनी प्रबंधन ने इस कहानी पर संदेह जताते हुए चालक की संलिप्तता और कंपनी के साथ विश्वासघात का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर सेक्टर-11 पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा चालक से पूछताछ की जा रही है।