कैंप थाना क्षेत्र में एक रात में तीन घरों में चोरी, लाखों का माल गायब
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। कैंप थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात में कई मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने अलग-अलग शिकायतों के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहली वारदात जवाहर नगर कैंप के रामपाल रहेजा के घर में हुई। वह अपनी बेटी के साथ पिनंगवा स्थित निवास पर गए हुए थे। तड़के करीब साढ़े तीन बजे पड़ोसी ने फोन कर सूचना दी कि घर का मुख्य दरवाजा और कमरों के दरवाजे खुले हुए हैं। मौके पर पहुंचकर उन्होंने देखा कि कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी टूटी हुई थी। चोर घर से 1 लाख 25 हजार रुपये नकद, सोने की चैन, अंगूठी, टॉप्स और अन्य कीमती सामान ले गए।
दूसरी वारदात कृष्णा कॉलोनी में हुई, जहां बिमलेश राखी बांधने के लिए अपने मायके अलीगढ़ गई हुई थीं। इस दौरान चोरों ने घर के ताले तोड़कर 12 हजार रुपये नकद, 40 तोले चांदी के आभूषण और 20 चांदी के सिक्के चोरी कर लिए। तीसरी घटना नई बस्ती सल्लागढ़ में हुई है। मकान मालिक राजन कुमार घर में ताला लगाकर बाहर गए थ्रे। रात्रि में चोरों ने ताला तोड़कर 25 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। पुलिस जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि चोरों की पहचान के लिए आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।