पलवल। शहर के ओमेक्स सिटी फेज-वन स्थित एक डॉक्टर के मकान-कम-क्लिनिक में चोरों ने धावा बोलकर 60 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोरों ने किचन की खिड़की तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद अलमारी का ताला तोड़कर सामान उड़ा ले गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ओमेक्स फेज-वन निवासी डॉ. सूर्य मोहन बागला अपनी पत्नी के साथ घर में सो रहे थे। वहीं, क्लिनिक में उनके दो कर्मचारी मौजूद थे। रात करीब तीन बजे मकान में सो रहे विजय कुमार को ऊपर से शीशा टूटने की आवाज सुनाई दी। उसने देखा कि दो अज्ञात व्यक्ति दरवाजे से भागते हुए जा रहे हैं। जब परिवार के लोग ऊपर पहुंचे तो रसोई की खिड़की और अलमारी का ताला टूटा हुआ था।
डॉ. बागला ने बताया कि अलमारी में रखे 60 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के गहने, चांदी के बर्तन और भगवान की मूर्तियां चोरी हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों ने मौके का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।
कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने बताया कि डॉ. बागला की शिकायत पर दो अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पहचान होने पर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।