स्टॉक मिलान के बाद तीन अगस्त को डबुआ थाने में प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। डबुआ थाना क्षेत्र स्थित एक कंपनी की पीछे की दीवार तोड़कर चोर करीब 12 लाख रुपये कीमत के 59 एसी गैस बॉक्स चोरी कर ले गए। शिकायत पर पुलिस ने तीन अगस्त को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नई दिल्ली के संगम विहार निवासी अरुण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सेक्टर-50, डबुआ-पाली रोड स्थित कंपनी में सुपरवाइजर हैं। दो अगस्त को दोपहर करीब 2:30 बजे कंपनी के पड़ोसी का फोन आया कि कंपनी की पीछे की दीवार टूटी हुई है। सूचना मिलने पर वह कंपनी पहुंचे, जहां चोरी का पता चला। इसके बाद उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी। शिकायतकर्ता के अनुसार, कंपनी में रखे एसी गैस बॉक्स का स्टॉक मिलान करने पर 59 बॉक्स गायब मिले, जिनकी कीमत करीब 12 लाख रुपये है। चोर पीछे की दीवार तोड़कर कंपनी में घुसे और वारदात को अंजाम देकर भाग गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन अगस्त को थाना डबुआ में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।